बच्चों को दी बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं, शिक्षकों की सेवा की सराहना
कौशाम्बी: आज कौशाम्बी ज़िले के सैयद सरावां स्थित मशहूर रूहानी मरकज़ ख़ानक़ाहे आरिफ़िया का बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने दौरा किया। इस मौके पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल महोदय ने ख़ानक़ाह के सज्जादा नशीन दाईये इस्लाम हज़रत शेख़ अबू सईद शाह एहसानुल्लाह मोहम्मदी सफ़वी से मुलाक़ात की और दुआएं लीं।
इस दौरे के दौरान उन्होंने ख़ानक़ाह के संस्थापक सुलतानुल आरिफ़ीन हज़रत मख़दूम शाह आरिफ़ सफ़ी क़ुद्दिसा सिर्रुहु के मज़ार पर हाज़िरी दी और फूल अर्पित किए। इसके बाद पास ही मौजूद आठवीं सदी हिजरी के बुज़ुर्ग हज़रत सैयद मोहम्मद हक़ानी रहमतुल्लाह अलैह के मज़ार पर भी दुआ की।

इस अवसर पर ज़िला प्रशासन और पुलिस के आला अफ़सरान भी मौजूद रहे। ख़ानक़ाहे आरिफ़िया के प्रांगण में राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने ख़ानक़ाह से सटे सेंट सारंग कॉन्वेंट स्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल की विभिन्न कक्षाओं का दौरा किया, छात्रों से आत्मीयता के साथ बातचीत की, उनके जवाब सुने और उन्हें अच्छे भविष्य की दुआएं दीं। शिक्षकों से भी उन्होंने मुलाक़ात की और उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए कहा "शिक्षक बनना एक महान कार्य है, जो देश के भविष्य को सँवारने का काम करते हैं।"
https://youtube.com/shorts/MAEmCN74voc?si=44DieNOCwz2bEwjS
Leave your comment